Bihar Politics नीतीश कुमार ने नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली है। उनके साथ दो डिप्टी सीएम और छह कैबिनेट मिनिस्टर ने भी राजभवन में शपथ ली है। शपथ लेने वालों में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के साथ विजय चौधरी बिजेंद्र प्रसाद यादव डॉ. प्रेम कुमार श्रवण कुमार और संतोष मांझी और सुमित सिंह शामिल हैं।

डिजिटल डेस्क, पटना। नीतीश कुमार ने महागठबंधन सरकार से इस्‍तीफा देकर एक बार फिर एनडीए के साथ बिहार में नई सरकार बना ली है। इस सरकार में दो डिप्टी सीएम बने हैं। भाजपा के सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली है। इनके अलावा, विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, डॉ. प्रेम कुमार, श्रवण कुमार और संतोष मांझी और सुमित सिंह ने कैबिनेट मिनिस्टर के रूप में शपथ ली है। 

सम्राट चौधरी बने डिप्टी सीएम 

सम्राट चौधरी ने नई सरकार में बिहार के डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली है। वह भारतीय जनता पार्टी से बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं। इसके अलावा, वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। बता दें कि सम्राट चौधरी दिग्गज नेता सकुनी चौधरी के पुत्र भी हैं। जानकारी के मुताबिक, सम्राट चौधरी कुशवाहा समुदाय से आते हैं।  

विजय सिन्हा भी बने डिप्टी सीएम

विजय सिन्हा ने भी बिहार के डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली है। वह लखीसराय विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं। विजय सिन्हा पहले बिहार विधानसभा के स्पीकर भी रह चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, विजय सिन्हा भूमिहार समुदाय से आते हैं।